नवादा में दिल दहला देने वाली घटना, घरेलू विवाद में पिता ने 6 वर्षीय बेटे का गला रेतकर मार डाला
- Post By Admin on Aug 04 2026
नवादा: बिहार के नवादा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। कादिरगंज थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक पिता ने अपने ही छह वर्षीय इकलौते बेटे की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे सुधीर गोस्वामी और उनकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसी दौरान उनका छह वर्षीय बेटा आजाद कुमार अपने माता-पिता के बीच झगड़ा शांत कराने पहुंचा। आरोप है कि गुस्से में पिता ने धारदार हथियार से मासूम के गले पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता हथियार लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कादिरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस घरेलू विवाद को घटना का मुख्य कारण मानकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस अमानवीय घटना पर गहरा दुख जताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।