लखीसराय में आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक, उपभोक्ताओं को समय पर सुविधा देने पर जोर

  • Post By Admin on Apr 16 2026
लखीसराय में आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक, उपभोक्ताओं को समय पर सुविधा देने पर जोर

लखीसराय : जिले में आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की सुचारू उपलब्धता को लेकर प्रशासन सक्रिय नजर आया। इसी क्रम में 16 अप्रैल 2026 को जिला पदाधिकारी श्री नीरज कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आपूर्ति टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें गैस एजेंसी एवं पेट्रोल पंप संचालकों के साथ आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य रसोई गैस की उपलब्धता, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाना था। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी गैस एजेंसी संचालकों से जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में गैस की कृत्रिम कमी उत्पन्न नहीं होनी चाहिए तथा वितरण प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी रहे।

इसके साथ ही उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया। पेट्रोल पंप संचालकों को भी निर्देशित किया गया कि वे ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखें, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में आगामी जनगणना 2027 को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। जिला पदाधिकारी ने बताया कि 17 अप्रैल से 1 मई 2026 तक स्वगणना की प्रक्रिया मोबाइल ऐप के माध्यम से संचालित की जाएगी, जिसमें नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 2 मई से 31 मई 2026 तक जनगणना के प्रथम चरण के तहत मकानों का सूचीकरण एवं गणना का कार्य किया जाएगा।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि जनगणना कार्य को पूरी जिम्मेदारी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।