पटना में 70वीं बीपीएससी के सफल अभ्यर्थियों का हुआ सम्मान, जनसेवा के लिए किया गया प्रेरित
- Post By Admin on Jun 29 2026
पटना: राजधानी पटना के बोरिंग रोड स्थित सिविल्स फोड़ो परिसर में 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के सम्मान में छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न रैंक प्राप्त करने वाले सफल अभ्यर्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
सम्मानित होने वाले अभ्यर्थियों में शाहीन आफरीन (रैंक-49), अविनाश कुमार (78), शिवेंदु आनंद (87), धनंजय कुमार (368), सेजल कुमार (475), श्वेता भारती (505), अमरजीत कुमार (736), प्रांजलि राज (1172), प्रकृति कुमारी (1847), मयंक कुमार (3412) तथा किरण कुमारी (4049) शामिल रहे। समारोह में सभी सफल अभ्यर्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशासनिक सेवा के माध्यम से समाज और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के आयोजक एवं सिविल्स फोड़ो के प्रबंध निदेशक दीपक प्रकाश (एम.ए. इन इंटरनेशनल रिलेशंस, यूनिवर्सिटी ऑफ इंडियानापोलिस, यूएसए) ने कहा कि बीपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने कहा कि युवाओं की मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाती है और उनकी सफलता अन्य अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनती है।
दीपक प्रकाश ने सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा में ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना ही एक अधिकारी की सबसे बड़ी पहचान होती है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से धैर्य, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि सतत प्रयास ही मंजिल तक पहुंचाता है। समारोह के दौरान उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सफल अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना और उन्हें समाज निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करना रहा।