लंदन में अवॉर्ड से नवाजे गए एसकेजे लॉ कॉलेज के निदेशक जयंत कुमार
- Post By Admin on Jun 29 2026
मुजफ्फरपुर : श्री कृष्ण जुबली (एसकेजे) लॉ कॉलेज के निदेशक जयंत कुमार को न्याय, विश्व शांति और लोकतांत्रिक मूल्यों के संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान के लिए लंदन में आयोजित 'इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑफ जूरिस्ट्स एंड राइटर्स फॉर वर्ल्ड पीस' के दौरान सम्मानित किया गया।
उन्हें यह सम्मान न्याय, संवाद, मानवीय गरिमा, अंतरराष्ट्रीय समझ, राष्ट्रों के बीच सौहार्द तथा विधि के शासन को बढ़ावा देने में उनके विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। सम्मान पूर्व भारत के मुख्य न्यायाधीश डॉ. के.जी. बालकृष्णन, इंटरनेशनल काउंसिल ऑफ जूरिस्ट्स के अध्यक्ष डॉ. अदिश सी. अग्रवाल तथा जॉर्डन के पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिस अवन एस. अल काशवनेह ने संयुक्त रूप से प्रदान किया।
जयंत कुमार की इस उपलब्धि पर एसकेजे लॉ कॉलेज परिवार में खुशी का माहौल है। कॉलेज की सचिव श्रीमती उज्ज्वला मिश्रा, विश्वविद्यालय के सीसीडीसी डॉ. रजनीश कुमार गुप्ता, प्राचार्य डॉ. के.के.एन. तिवारी सहित महाविद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षाविदों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने जयंत कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सम्मान शिक्षा और विधि के क्षेत्र में उनके योगदान की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान है।