लखीसराय में छात्र प्रदर्शन हुआ हिंसक, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

  • Post By Admin on Jul 25 2026
लखीसराय में छात्र प्रदर्शन हुआ हिंसक, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

लखीसराय: बिहार के लखीसराय में छात्र संगठनों द्वारा निकाला गया प्रतिरोध मार्च शनिवार को हिंसक हो गया। जिला समाहरणालय के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प के बाद स्थिति बिगड़ गई, जिसके चलते पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई, सरकारी बैनर फाड़ दिए गए और एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार, विपक्षी छात्र संगठनों ने शहर के केआरके (KRK) हाई स्कूल मैदान से समाहरणालय तक विरोध मार्च निकाला था। प्रशासन ने मार्च को समाहरणालय गेट तक ही सीमित रखने की अनुमति दी थी और परिसर के भीतर प्रवेश पर रोक लगाई गई थी।

बताया जा रहा है कि जैसे ही प्रदर्शनकारी समाहरणालय मोड़ (जमुई मोड़) पर पहुंचे, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई। प्रशासन के अनुसार, भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव के दौरान सड़क किनारे खड़े कई वाहनों के शीशे टूट गए और कुछ निजी वाहनों में तोड़फोड़ की गई। सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। स्थिति को नियंत्रण से बाहर जाता देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज के बाद मौके पर भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़कर समाहरणालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में हालात पर काबू पाया।

घटना के दौरान एक महिला पुलिसकर्मी के घायल होने की भी सूचना है। उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया है। फिलहाल पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।