छात्र संगठनों ने 25 जुलाई को बिहार बंद का किया ऐलान, अलर्ट मोड में प्रशासन
- Post By Admin on Jul 24 2026
पटना : बिहार में छात्र आंदोलन एक बार फिर तेज होने के आसार हैं। राजधानी पटना समेत राज्य के विभिन्न जिलों में शुक्रवार को छात्रों के प्रदर्शन की संभावना जताई जा रही है। बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का आज अंतिम दिन होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। इस बीच ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन (RYA) ने 25 जुलाई को बिहार बंद का आह्वान किया है।
छात्र संगठनों ने पटना में लोकभवन मार्च के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, गिरफ्तारी और मुकदमे दर्ज किए जाने के विरोध में बंद का ऐलान किया है। गुरुवार को दोनों संगठनों ने छात्रों, युवाओं और आम लोगों से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से बिहार बंद को सफल बनाने की अपील की। आइसा ने 22 जुलाई को 'ब्लैक डे' घोषित करते हुए 23 और 24 जुलाई को पूरे बिहार में प्रतिरोध दिवस मनाने की घोषणा की है। संगठन के राज्य अध्यक्ष धनंजय ने आरोप लगाया कि लाठीचार्ज में सैकड़ों छात्र घायल हुए हैं और आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि छात्र अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे।
इससे पहले गुरुवार को नीट पेपर लीक, परीक्षा व्यवस्था में सुधार, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तथा दिल्ली और पटना में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में खगौल सहित कई स्थानों पर छात्रों ने आक्रोश मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। इधर, 22 जुलाई को नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के मामले में बिहार पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के आधार पर 117 संदिग्धों की तस्वीरें जारी की गई हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।
वहीं, संभावित प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय ने 24 जुलाई से राज्यभर के पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की सभी प्रकार की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी हैं। केवल विशेष परिस्थितियों में ही अवकाश की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की है।