गैस को लेकर अफवाहों पर सख्ती, 25 दिन बाद ही होगी नई बुकिंग 

  • Post By Admin on Apr 15 2026
गैस को लेकर अफवाहों पर सख्ती, 25 दिन बाद ही होगी नई बुकिंग 

लखीसराय : मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच रसोई गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर लखीसराय जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और घरेलू उपयोग के लिए पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।

प्रशासन ने नई व्यवस्था के तहत निर्देश जारी किया है कि अब किसी भी घरेलू उपभोक्ता को पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक करने की अनुमति होगी। साथ ही, बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी।

कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए हर प्रखंड में बीडीओ, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और थानाध्यक्ष की संयुक्त त्रिस्तरीय छापामार टीम गठित की गई है। इस टीम ने 15 अप्रैल को विभिन्न स्थानों पर जांच भी की। सभी अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। गैस एजेंसियों को भी सख्त चेतावनी दी गई है कि अधिक कीमत वसूलने या अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में जिले की 16 गैस एजेंसियों के पास कुल 2447 सिलेंडर उपलब्ध हैं। शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए समाहरणालय में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।

प्रशासन एलपीजी पर निर्भरता कम करने के लिए पाइप गैस (पीएनजी) को बढ़ावा दे रहा है। बड़हिया और लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र में पाइप गैस की आपूर्ति शुरू हो चुकी है और 2700 से अधिक उपभोक्ता इसके लिए तैयार हैं। प्रतिदिन 20 से 25 नए कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही यह नियम लागू किया गया है कि जिन उपभोक्ताओं के यहां पीएनजी कनेक्शन सक्रिय हो जाएगा, उन्हें एलपीजी सिलेंडर नहीं दिया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, अन्य राज्यों से लौट रहे प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलो वाले मुफ्त एलपीजी सिलेंडर की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें भोजन बनाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, संयम बनाए रखें और केवल आवश्यकता अनुसार ही गैस की बुकिंग करें, ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे।