लखीसराय में पेयजल व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
- Post By Admin on Apr 15 2026
लखीसराय : जिला समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में बुधवार को जिला पदाधिकारी नीरज कुमार की अध्यक्षता में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल के अधिकारियों, अभियंताओं एवं संवेदकों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए जिले में निर्बाध एवं सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना रहा। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि संभावित जल संकट से निपटने के लिए सभी तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर तुरंत पूरी की जाएं।
उन्होंने सहायक अभियंताओं एवं कनीय अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था का गहन निरीक्षण करने तथा जहां जल संकट की आशंका हो, वहां अग्रिम कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही खराब एवं अक्रियाशील चापाकलों की पहचान कर उनकी शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा नए सरकारी चापाकलों की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थलों का शीघ्र चिन्हांकन करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत व्यवस्था की जा सके।
संवेदकों को सख्त निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सभी कार्य समयबद्ध और जिम्मेदारी के साथ पूरे किए जाएं, ताकि जिले के किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट उत्पन्न न हो। साथ ही कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा एवं निगरानी सुनिश्चित करने की बात कही गई।
अगली समीक्षा बैठक 18 अप्रैल 2026 को संध्या 5 बजे आयोजित होगी, जिसमें सभी संबंधित अभियंताओं और संवेदकों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। लगातार अनुपस्थित रहने वाले संवेदकों के खिलाफ काली सूची में डालने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई।इसके अलावा गलत या भ्रामक प्रतिवेदन देने वाले डाटा एंट्री ऑपरेटर के खिलाफ स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार एवं कार्यपालक अभियंता रुपेश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।