लखीसराय में गैस कालाबाजारी पर सख्ती, धावा दल गठित

  • Post By Admin on Apr 27 2026
लखीसराय में गैस कालाबाजारी पर सख्ती, धावा दल गठित

लखीसराय : एलपीजी आपूर्ति पर वैश्विक परिस्थितियों के संभावित असर को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए जिले में विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।

प्रशासन ने सभी प्रखंडों में बीडीओ, आपूर्ति पदाधिकारी और थानाध्यक्ष की संयुक्त टीम यानी ‘धावा दल’ का गठन किया है। यह टीम गैस एजेंसियों और वितरण व्यवस्था पर नजर रखेगी तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तुरंत छापेमारी कर कार्रवाई करेगी। शिकायतों के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम (06346-232852) भी सक्रिय कर दिया गया है।

आपूर्ति की स्थिति पर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में फिलहाल पर्याप्त गैस उपलब्ध है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। वर्तमान में 18 गैस एजेंसियों के माध्यम से करीब 3830 सिलेंडरों का स्टॉक मौजूद है।

नई व्यवस्था के तहत अब उपभोक्ता पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिनों बाद ही अगली रिफिल बुक करा सकेंगे। साथ ही बुकिंग के 48 से 72 घंटों के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन की प्रक्रिया भी तेज की गई है, खासकर बड़हिया और लखीसराय नगर परिषद क्षेत्रों में। वहीं प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलोग्राम वाले छोटे एफटीएल सिलेंडरों की व्यवस्था की गई है।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, अनावश्यक भीड़ न लगाएं और गैस की उपलब्धता को लेकर संयम बनाए रखें।