लखीसराय में मद्य निषेध की ताबड़तोड़ कार्रवाई, शराब के साथ 8 लोग गिरफ्तार

  • Post By Admin on Apr 27 2026
लखीसराय में मद्य निषेध की ताबड़तोड़ कार्रवाई, शराब के साथ 8 लोग गिरफ्तार

लखीसराय : शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए मद्यनिषेध थाना लखीसराय ने रविवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान शराब बेचने और सेवन करने के आरोप में कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस टीम ने कजरा क्षेत्र में घेराबंदी कर सूर्यगढ़ा के खर्रा निवासी दिलखुश कुमार को 60 लीटर अवैध चुलाई शराब और एक मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा। वहीं लखीसराय स्टेशन के पास से जमुई जिले के झाझा निवासी पिंटू बेसरा को 18 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

अमहरा थाना क्षेत्र के भेनौरा गांव में छापेमारी कर निर्मला देवी को 2 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा पुलिस ने अलग-अलग जगहों से शराब के नशे में धुत तीन लोगों—मिथुन कुमार, भरत पासवान और आकाश कुमार—को भी हिरासत में लिया।

बड़हिया क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान बेगूसराय निवासी आकाश कुमार के साथ जमुई के सुमीत कुमार रावत और मेदनीचौकी के अमरजीत कुमार को भी शराब पीने के आरोप में पकड़ा गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार और सेवन के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।