राज्य स्तरीय युवा महोत्सव की धूम, गांधी मैदान में उद्घाटन समारोह
- Post By Admin on Nov 30 2024

लखीसराय : शुक्रवार से प्रारंभ हो रहे राज्य स्तरीय युवा महोत्सव को लेकर जिले में पूरी तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं। गांधी मैदान से लेकर खेल भवन और समाहरणालय परिसर तक को भव्य रूप दिया गया है। होर्डिंग्स, बैनर और तोरण द्वारों से सजाया गया है। जिससे यह आयोजन ऐतिहासिक रूप से यादगार बनेगा। इस महोत्सव के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह, डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा, प्रभारी मंत्री शीला मंडल, क्षेत्रीय विधायक अजय कुमार सिंह और स्थानीय विधायक की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
देर शाम तक विभिन्न जिलों से प्रतिभागियों का पहुंचना शुरू हो चुका है और गांधी मैदान में उद्घाटन समारोह की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। समारोह के बाद गांधी मैदान में मुख्य मंच से समूह लोक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी जाएगी। यह महोत्सव सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन होगा। जिसमें शास्त्रीय नृत्य, लोक नृत्य, शास्त्रीय गायन, चित्रकारी, मूर्तिकला, कविता लेखन, कहानी लेखन जैसे विभिन्न आयोजनों की भरमार होगी।
इस महोत्सव के तहत खेल भवन में चित्रकला, मूर्तिकला, छायाचित्र और हस्तशिल्प कला की प्रदर्शनी लगेगी। मंत्रणा कक्ष में कविता लेखन और कहानी लेखन की प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी। जबकि म्यूजियम ऑडिटोरियम में शास्त्रीय नृत्य और गायन की प्रस्तुति होगी। इसके अलावा टाउन हॉल में लघु नाटक प्रस्तुत किया जाएगा।
महोत्सव का विशेष आकर्षण 1 दिसंबर की संध्या 9:00 बजे से गांधी मैदान में होने वाली समूह लोक गायन की प्रस्तुति होगी। जिसमें विभिन्न कला और संस्कृति की झलकियाँ देखने को मिलेंगी। खेल भवन में विज्ञान मेला आयोजित किया जाएगा और म्यूजियम के ऑडिटोरियम में शास्त्रीय गायन का आयोजन होगा। वहीं अशोक अकादमी बालगुदर में एकल लोक गायन का कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
2 दिसंबर को गांधी मैदान में समापन समारोह होगा। जिसमें पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के साथ इस ऐतिहासिक महोत्सव का समापन होगा। इस आयोजन में जिले भर के लोग और कला प्रेमी हिस्सा लेंगे और यह महोत्सव लखीसराय की सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान देगा।