लखीसराय में एसपी की जनसुनवाई, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्यवाही के सख्त निर्देश
- Post By Admin on May 02 2026
लखीसराय : पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार द्वारा शनिवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। एसपी ने अपने कार्यालय कक्ष में एक-एक कर सभी शिकायतकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया।
जनसुनवाई के दौरान जमीन विवाद, आपसी मारपीट तथा अन्य आपराधिक मामलों से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों को तुरंत निर्देशित किया कि वे घटनास्थल पर जाकर जांच करें और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
एसपी प्रेरणा कुमार ने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी को कम करना तथा पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना है। उन्होंने थानाध्यक्षों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। एसपी के इस सख्त रुख से जनसुनवाई में पहुंचे फरियादियों के बीच संतोष का माहौल देखा गया।