मिशन एड्स सुरक्षा के तहत कार्यशाला, गर्भवती महिलाओं की जांच पर विशेष बल
- Post By Admin on May 02 2026
लखीसराय : जिले में ‘मिशन एड्स सुरक्षा’ के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा (1 दिसंबर 2026) के भीतर प्राप्त करने को लेकर शनिवार को एक उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें सभी प्रखंडों के समेकित परामर्श एवं जांच केंद्र (ICTC) के परामर्शी, प्रयोगशाला प्रावैधिक, एसटीएस (STS) एवं एलटी (LT) शामिल हुए।
कार्यशाला के दौरान 95:95:99 लक्ष्य के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके तहत पहले 95 के अंतर्गत उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों एवं उनके परिवार के सदस्यों की एचआईवी जांच कर पुष्टि कराने, दूसरे 95 के तहत एचआईवी संक्रमित 95 प्रतिशत व्यक्तियों को नियमित एआरवी (ARV) दवा से जोड़ने तथा 99 के लक्ष्य के तहत एआरवी दवा लेने वाले 99 प्रतिशत व्यक्तियों का वायरल लोड नियंत्रित (वायरल सप्रेस्ड) रखने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा ‘मिशन एड्स सुरक्षा’ के तहत ट्रिपल एलिमिनेशन कार्यक्रम की भी जानकारी दी गई, जिसमें सभी गर्भवती महिलाओं की एचआईवी, सिफिलिस और हेपेटाइटिस-बी जांच सुनिश्चित कर वर्टिकल ट्रांसमिशन को रोकने पर बल दिया गया।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जिले में यक्ष्मा के एक्टिव केस फाइंडिंग के तहत चल रहे 100 दिवसीय विशेष अभियान में सभी एसटीएस एवं एलटी स्पुटम जांच के साथ-साथ एचआईवी, सिफिलिस एवं हेपेटाइटिस-बी की जांच भी अनिवार्य रूप से करें। साथ ही प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट निर्धारित गूगल फॉर्मेट में प्रस्तुत करने और सभी संभावित एचआईवी पॉजिटिव मामलों का शीघ्र निदान एवं पुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कार्यशाला में जिला एड्स बचाव एवं नियंत्रण इकाई के जिला कार्यक्रम प्रबंधक अरविंद रॉय, जिला पर्यवेक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार लाल तथा अनुश्रवण एवं मूल्यांकन के जिला सहायक दिनेश कुमार सहित सभी प्रखंडों के एसटीएस एवं प्रयोगशाला प्रावैधिक उपस्थित रहे।