बिहार में बनेगा एयर कनेक्टिविटी हब, ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को मिली मंजूरी

  • Post By Admin on May 02 2026
बिहार में बनेगा एयर कनेक्टिविटी हब, ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को मिली मंजूरी

पटना: बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सोनपुर और सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट निर्माण को मंजूरी मिल गई है, जिससे राज्य के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

सरकार की इन दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है। माना जा रहा है कि इन एयरपोर्ट के निर्माण से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। विशेषज्ञों के अनुसार, सोनपुर एयरपोर्ट के निर्माण से पटना एयरपोर्ट पर बढ़ते दबाव में कमी आएगी, वहीं अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट पूर्वी बिहार के लिए एक बड़ी सुविधा साबित होगा। इससे भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में भी सुधार होगा। बिहार नागरिक विमानन विभाग ने दोनों परियोजनाओं के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये एजेंसी को 16 किस्तों में जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की जिम्मेदारी RITES लिमिटेड को सौंपी गई है, जिसके लिए 5.06 करोड़ रुपये का परामर्श शुल्क तय किया गया है।

परियोजना के तहत सोनपुर में करीब 4228.61 एकड़ और सुल्तानगंज में 3064.039 एकड़ भूमि पर एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे। सरकार ने लक्ष्य रखा है कि वर्ष 2030 तक दोनों एयरपोर्ट का निर्माण पूरा कर लिया जाए। जमीन अधिग्रहण के लिए भी बड़े स्तर पर निवेश किया जा रहा है। सोनपुर एयरपोर्ट के लिए लगभग 1302 करोड़ रुपये मुआवजा राशि को मंजूरी दी गई है, जबकि भागलपुर क्षेत्र में 931 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए 472.72 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें से 150 करोड़ रुपये संबंधित जिला प्रशासन को जारी भी किए जा चुके हैं।

सोनपुर एयरपोर्ट का प्रस्तावित रनवे करीब 5.5 किलोमीटर लंबा होगा, जिससे बड़े से बड़े विमानों की लैंडिंग संभव हो सकेगी। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बिहार देश के प्रमुख एयर कनेक्टिविटी हब के रूप में उभर सकता है, जिससे निवेश, पर्यटन और व्यापार के नए रास्ते खुलेंगे।