लखीसराय में विशेष स्वास्थ्य शिविर, HIV और AIDS जागरूकता पर जोर
- Post By Admin on Feb 24 2026
लखीसराय: स्वास्थ्य विभाग, बिहार के निर्देशानुसार HIV/AIDS से बचाव एवं नियंत्रण के लिए राज्यव्यापी 95:95:99 अभियान के अंतर्गत जिले में 24 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक विशेष जागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्य सेवाओं का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आम जनमानस के साथ-साथ आगामी होली पर्व पर जिले में आने वाले प्रवासी व्यक्तियों के बीच HIV/AIDS के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जांच एवं उपचार सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
अभियान के क्रम में जिला लखीसराय में तीन एकीकृत स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 फरवरी 2026 को पिपरिया दियारा (पिपरिया), 28 फरवरी 2026 को जानपुर (बड़हिया) तथा 2 मार्च 2026 को अबगिल हुसैना (सूर्यगढ़ा) में शिविर लगाए जाएंगे। अभियान की सफलता के लिए 24 फरवरी 2026 को जिला स्तरीय संयुक्त कार्यकारी समूह की बैठक आयोजित कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य शिविरों में HIV एवं सिफिलिस जांच, ICTC सेवाएं (काउंसलिंग एवं टेस्टिंग), ANC एवं ART लिंकज, हेपेटाइटिस B एवं C जांच, टीबी हेतु स्पुटम जांच, ब्लड शुगर एवं उच्च रक्तचाप जांच सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त HIV संक्रमण के संचरण के मार्गों, जोखिम व्यवहार से बचाव, सुरक्षित व्यवहार, कंडोम उपयोग, STI सेवाओं तथा HIV/AIDS (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम, 2017 के संबंध में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के लोगों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में भाग लेकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं और HIV/AIDS के प्रति जागरूक समाज के निर्माण में सहयोग करें।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार भारती, उपाधीक्षक डॉ. राकेश कुमार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लखीसराय के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. श्रीनिवास शर्मा, रामगढ़ के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जंचन कुमार, सूर्यगढ़ा की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सीमा भारती, गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. आश्विन कुमार, DISHA के टेक्निकल एक्सपर्ट श्री शैलेश शुक्ला, संबंधित शिविरों के BHM, BCM, ANM एवं आशा कार्यकर्ता, ICTC परामर्शी तथा जिला एड्स बचाव एवं नियंत्रण इकाई के कर्मी उपस्थित रहे।अभियान का संदेश स्पष्ट है – अपनी स्थिति जानें, उपचार पर बने रहें और वायरल सप्रेशन प्राप्त करें।