लखीसराय में राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर समन्वय बैठक, सुलहनीय वादों के त्वरित निस्तारण पर जोर
- Post By Admin on Feb 24 2026
लखीसराय: 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के मद्देनज़र माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के प्रकोष्ठ में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य सुलहनीय वादों की पहचान, नोटिस प्रक्रिया और पक्षकारों को समझौते के लिए प्रेरित करने की रणनीति तय करना रहा।
बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, श्रम पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, माप-तौल विभाग, वन विभाग तथा जिला खनन विभाग के प्रतिनिधि शामिल हुए। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, श्री अजय कुमार शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिकतम सुलहनीय वादों को चिन्हित कर समय पर नोटिस जारी किए जाएं और पक्षकारों को सुलह के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित न्यायालयों में अभिलेखों की विधिवत पहचान करते हुए नोटिस की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान वादों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण संभव हो सके। बैठक के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव, श्री विधानंद सागर भी उपस्थित रहे।
अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे विभागीय स्तर पर लंबित सुलहनीय मामलों की सूची तैयार कर समुचित कार्रवाई करें। बैठक में लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए आपसी समन्वय और समयबद्ध तैयारी पर विशेष बल दिया गया।