होली पर डीजे व तेज ध्वनि यंत्रों पर पूर्ण प्रतिबंध, मुख्य सचिव ने दिए कड़े निर्देश
- Post By Admin on Feb 24 2026
लखीसराय, 24 फरवरी 2026: मुख्य सचिव, बिहार प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलों के जिला पदाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी होली पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि होली के अवसर पर डीजे एवं तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। सभी थानों को इस संबंध में विशेष सतर्कता बरतने तथा उल्लंघन की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां दंडाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा तैयारियों के तहत पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण अभ्यास, फ्लैग मार्च एवं मॉक ड्रिल आयोजित करने पर जोर दिया गया। अफवाहों पर नियंत्रण के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार चलाने और आमजन से सतर्क रहने की अपील की गई।
आपात स्थिति या किसी भी प्रकार की सूचना के लिए नागरिकों से डायल 112 पर तुरंत संपर्क करने का अनुरोध किया गया, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि होली के दिन सभी प्रमुख अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए। अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड में रखते हुए अग्निशामक वाहनों एवं कर्मियों की रणनीतिक तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया, जिससे किसी भी अप्रिय घटना से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें। विधि-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उक्त निर्देशों के आलोक में लखीसराय के जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने 28 फरवरी 2026 को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में लखीसराय जिले से जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।