मॉक ड्रिल, मैराथन और जागरूकता कार्यक्रमों से लखीसराय में अग्नि सुरक्षा पर विशेष जोर

  • Post By Admin on Apr 16 2026
मॉक ड्रिल, मैराथन और जागरूकता कार्यक्रमों से लखीसराय में अग्नि सुरक्षा पर विशेष जोर

लखीसराय : बिहार अग्निशमन सेवा, लखीसराय द्वारा अग्निशमन सेवा सप्ताह (14 से 20 अप्रैल 2026) के तहत विभिन्न जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 16 अप्रैल 2026 को सप्ताह के तृतीय दिवस पर अग्नि सुरक्षा एवं आपदा से निपटने की तैयारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण गतिविधियां संचालित की गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ अनुमंडल अग्निशमनालय लखीसराय के पदाधिकारी विनिता लता एवं देवेंद्र कुमार तथा अन्य कर्मियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर गांधी मैदान, लखीसराय में अग्निशमन कर्मियों और स्थानीय नागरिकों के बीच मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।

इसके साथ ही अनुमंडल अग्निशमनालय परिसर में विभागीय कर्मियों के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिससे आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की तैयारी को मजबूत किया जा सके। पुलिस लाइन, लखीसराय में अग्निशमन सेवा और बिहार पुलिस के बीच क्रिकेट मैच का भी आयोजन किया गया, जिसने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया।

अग्नि सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न स्थानों पर मॉक ड्रिल एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। इस दौरान लोगों के बीच अग्नि सुरक्षा से संबंधित पंपलेट का वितरण किया गया और आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आपदा की स्थिति में सही प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार करना है। साथ ही लोगों से अपील की गई कि किसी भी अग्निकांड की स्थिति में तत्काल 101 या 112 पर संपर्क करें।

इस अभियान के माध्यम से जिले में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रभावी पहल की जा रही है।