अब खुद भरें जनगणना का विवरण, 17 अप्रैल से स्व-गणना प्रक्रिया प्रारंभ

  • Post By Admin on Apr 16 2026
अब खुद भरें जनगणना का विवरण, 17 अप्रैल से स्व-गणना प्रक्रिया प्रारंभ

लखीसराय : आगामी जनगणना 2027 को लेकर प्रशासन ने एक अहम पहल करते हुए पहली बार स्व-गणना की सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है। इस नई व्यवस्था के तहत अब आम नागरिक स्वयं अपने परिवार से संबंधित जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे। यह प्रक्रिया 17 अप्रैल 2026 से 1 मई 2026 तक संचालित की जाएगी।

जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, स्व-गणना एक आधुनिक और सुविधाजनक विकल्प है, जिससे परिवार के उत्तरदाताओं को सुरक्षित वेब पोर्टल के माध्यम से घर बैठे या किसी भी स्थान से अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा मिलेगी। इस प्रक्रिया के लिए मोबाइल नंबर और ओटीपी आधारित प्रणाली का उपयोग किया जाएगा, जिससे डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

प्रक्रिया के दौरान परिवारों को अपने स्थान संबंधी विवरण जैसे राज्य, जिला, उप-जिला, गांव या नगर तथा वार्ड की जानकारी दर्ज करनी होगी। साथ ही डिजिटल मानचित्र पर अपने घर का स्थान भी चिह्नित करना अनिवार्य होगा। यह व्यवस्था डेटा की सटीकता और पारदर्शिता को बढ़ाने के उद्देश्य से लागू की गई है।

स्व-गणना प्रक्रिया के सफलतापूर्वक पूरा होने पर प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट पहचान संख्या (आईडी) प्रदान की जाएगी, जो एसएमएस या ईमेल के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद प्रगणक द्वारा घर-घर जाकर इस डेटा का सत्यापन किया जाएगा, जिससे जानकारी की शुद्धता सुनिश्चित हो सके।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्व-गणना से कार्य की गति, सुविधा और पारदर्शिता में वृद्धि होगी, लेकिन अंतिम रूप से डेटा की जिम्मेदारी प्रगणक की ही होगी। फील्ड विजिट के दौरान प्रगणक द्वारा जानकारी की जांच कर उसे स्वीकार या आवश्यक संशोधन किया जाएगा, जिसके बाद ही डेटा को अंतिम रूप दिया जाएगा।

जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी सरकारी कर्मियों एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित अवधि में अपने-अपने परिवार की स्व-गणना प्रक्रिया को सुनिश्चित करें और इसके व्यापक अनुपालन के लिए आवश्यक कदम उठाएं।

प्रशासन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से जनगणना प्रक्रिया अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न होगी, जिससे भविष्य की योजनाओं के निर्माण में सटीक आंकड़ों का उपयोग संभव हो सकेगा।