आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण पखवाड़ा की धूम, खेल-खेल में सिखाई जा रही सेहत की बातें
- Post By Admin on Apr 16 2026
लखीसराय : जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय के अनुसार 9 से 23 अप्रैल 2026 तक संचालित “पोषण पखवाड़ा” के तहत जिले भर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों, महिलाओं एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी के साथ विभिन्न जागरूकता एवं शिक्षण कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला प्रोग्राम पदाधिकारी के निर्देशन में लगातार निगरानी एवं मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए खेल-आधारित शिक्षण गतिविधियों का आयोजन विशेष रूप से किया गया। बच्चों को फल एवं सब्जियों के चित्रों के माध्यम से उनकी पहचान कराई गई, जिससे उनमें पोषण के प्रति समझ विकसित हो सके। सेविकाओं द्वारा सरल और रोचक तरीके से संतुलित आहार के महत्व को समझाया जा रहा है, जिससे बच्चे खेल-खेल में सीखने के प्रति अधिक उत्साहित नजर आए।
इसके साथ ही बच्चों के शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए झुकना, उठना, कूदना जैसी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से व्यायाम कराया गया। यह पहल प्रारंभिक उत्तेजना और खेल-आधारित शिक्षण का एक सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई है, जिससे बच्चों की सक्रियता और शारीरिक क्षमता में सकारात्मक वृद्धि देखी जा रही है।
पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर “पोषण चौपाल” का आयोजन भी किया गया, जिसमें महिलाओं एवं बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। चौपाल के दौरान रंगोली के माध्यम से संतुलित आहार में शामिल विभिन्न खाद्य पदार्थों—जैसे फल, सब्जियां और अनाज—को आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया गया। इस माध्यम से माताओं को पोषण के महत्व और सही आहार की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती एवं धात्री माताओं को विशेष रूप से संतुलित पोषण, शिशु देखभाल, स्तनपान के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। साथ ही कुपोषण से बचाव के उपायों पर भी जागरूक किया गया।
इन सभी प्रयासों के माध्यम से बच्चों के समग्र विकास, कुपोषण उन्मूलन और समुदाय में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान को सफल बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं, जिससे समाज के हर वर्ग तक पोषण का संदेश पहुंच सके।