वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश प्रसाद सिंह का निधन, विधिज्ञ संघ में शोक की लहर

  • Post By Admin on Mar 11 2026
वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश प्रसाद सिंह का निधन, विधिज्ञ संघ में शोक की लहर

लखीसराय : लखीसराय जिला विधिज्ञ संघ के वरीय सदस्य और प्रख्यात अधिवक्ता दिनेश प्रसाद सिंह का लंबी बीमारी के बाद बुधवार को लखीसराय स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। उनके निधन से अधिवक्ता समाज में गहरा शोक व्याप्त है।

बताया जाता है कि स्वर्गीय दिनेश प्रसाद सिंह अपने विराट स्वभाव, बहुमुखी प्रतिभा, विशाल हृदय और हंसमुख व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। वे मुंगेर एवं लखीसराय न्याय मंडल के चर्चित और सम्मानित अधिवक्ताओं में शामिल थे। उनसे मिलने वाला प्रत्येक व्यक्ति उनके सहज, मधुर और आत्मीय व्यवहार से प्रभावित हो जाता था।

उनके निधन पर जिला विधिज्ञ संघ लखीसराय के सदस्यों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जाने से अधिवक्ता समाज में ऐसी शून्यता उत्पन्न हुई है जिसकी भरपाई करना अत्यंत कठिन है। अधिवक्ता समाज के प्रति उनका समर्पण और सौम्य व्यवहार सदैव स्मरणीय रहेगा।

संघ की ओर से सभी अधिवक्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। अधिवक्ता रजनीश कुमार सहित विधिज्ञ संघ के सदस्यों ने श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा संघ परिवार शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है।

ईश्वर से प्रार्थना की गई कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति दें।