14 मार्च को लखीसराय व्यवहार न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत, 13 बेंच गठित

  • Post By Admin on Mar 11 2026
14 मार्च को लखीसराय व्यवहार न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत, 13 बेंच गठित

लखीसराय : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर 14 मार्च 2026 को व्यवहार न्यायालय, लखीसराय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 13 बेंचों का गठन किया गया है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखीसराय के सचिव विद्यानंद सागर ने बताया कि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अजय कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में लोक अदालत के सफल संचालन की तैयारी की गई है।

जानकारी के अनुसार बेंच संख्या-01 की अध्यक्षता परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश पवन कुमार झा करेंगे, जबकि बेंच संख्या-02 में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय राजीव कुमार मिश्रा, बेंच संख्या-03 में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश पंचम राजन कुमार तथा बेंच संख्या-04 में एसीजेएम प्रथम रंजीत कुमार सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। बेंच संख्या-05 का नेतृत्व एसीजेएम-03 कुमारी ज्योत्सना करेंगी। इसके अलावा बेंच संख्या-06 से 13 तक में क्रमशः कुंदन कुमार गुप्ता, श्रीमती शिप्रा कुमारी, गजाला सहीबा, मो. फहेद हुसैन, महजबी नाज, मनीष कुमार, आकांक्षा कुमारी तथा सुमित कुमार सुमन की अध्यक्षता में मामलों की सुनवाई होगी। बेंच संख्या-06 रेलवे कोर्ट परिसर में कार्य करेगी।

राष्ट्रीय लोक अदालत में शमनीय आपराधिक मामलों, धारा 138 एन.आई. एक्ट के मामलों, विद्युत विवाद, दावा वाद, मापतौल, बैंक ऋण वसूली, चालान मामलों सहित विभिन्न प्रकार के मामलों का निपटारा किया जाएगा।

सचिव ने बताया कि लोक अदालत की सफलता के लिए चिन्हित मामलों में नोटिस जारी किए जा चुके हैं। कुल 3659 न्यायालय वाद और लगभग 10,812 प्री-लिटिगेशन मामलों को निपटारे के लिए चिन्हित किया गया है। अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।

पक्षकारों की सुविधा के लिए न्यायालय परिसर में हेल्प डेस्क, चिकित्सा सुविधा और पेयजल की व्यवस्था की गई है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित पक्षकारों से राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने मामलों का आपसी समझौते से निपटारा कराने की अपील की है।