दांडी मार्च की वर्षगांठ पर पीएम मोदी ने स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन

  • Post By Admin on Mar 12 2026
दांडी मार्च की वर्षगांठ पर पीएम मोदी ने स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन

नई दिल्ली : नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक दांडी मार्च की वर्षगांठ पर स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने वाली विभूतियों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक संस्कृत सुभाषित साझा करते हुए सत्य और नैतिकता के महत्व को रेखांकित किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में लिखा कि वर्ष 1930 में आज ही के दिन दांडी मार्च की शुरुआत हुई थी। उन्होंने इस ऐतिहासिक आंदोलन में शामिल सभी महान विभूतियों का श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। उन्होंने संस्कृत सुभाषित “सत्यमेव जयति नानृतं…” साझा करते हुए कहा कि सत्य की ही विजय होती है और असत्य का अंत निश्चित है।

इस अवसर पर कई अन्य नेताओं ने भी महात्मा गांधी और दांडी सत्याग्रह में शामिल सत्याग्रहियों को नमन किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 1930 में महात्मा गांधी द्वारा शुरू किया गया दांडी सत्याग्रह ऐसा आंदोलन था जिसने देश के हर वर्ग में स्वतंत्रता की भावना को और मजबूत किया और स्वाधीनता आंदोलन की दिशा बदल दी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी अपने संदेश में कहा कि अंग्रेजों के नमक कानून के विरोध में महात्मा गांधी ने साबरमती आश्रम से ऐतिहासिक दांडी नमक सत्याग्रह की शुरुआत की थी, जिसने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी।

वहीं योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दांडी नमक सत्याग्रह भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की वह ज्योति थी, जिसने जन-जन में आत्मबल और स्वराज का नया मंत्र भर दिया। उन्होंने कहा कि सत्य, साहस और सामूहिक संकल्प से साम्राज्य भी डगमगा जाते हैं, और दांडी मार्च इसका ऐतिहासिक उदाहरण है।