स्काउट गाइड ने गर्ल्स हाई स्कूल में बनाया बिना बर्तन के भोजन
- Post By Admin on May 25 2024
.jpg)
सूर्यगढ़ा : नगर स्थित प्लस टू परियोजना बालिका उच्च विद्यालय में शनिवार को बिहार राज्य भारत स्काउट-गाइड जिला लखीसराय के जिला संगठन आयुक्त मृत्युंजय कुमार के निर्देशानुसार शिविर प्रधान गाइड कैप्टन अमृता सिंह के द्वारा प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। जिसमें प्रवेश, प्रथम, द्वितीय सोपान में बढ़-चढ़कर भाग लिया। चल रहे सात दिवसीय स्काउट गाइड के प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन शनिवार को स्वस्थ रहने के लिए प्राथमिक उपचार के बारे में भी जानकारी दी गई।
डॉक्टर के आने से पूर्व किस तरह तुरंत स्ट्रेचर बनाकर मरीज को लिटाकर अस्पताल ले जाना चाहिए, इसका प्रशिक्षण दिया गया। बढ़ते गर्मी को लेकर किस तरीके से अपने आप को लू से बचाएं, इसकी विशेष रूप से जानकारी दी गई। ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ का सेवन करने का आह्वान किया गया। खासकर आज के प्रशिक्षण शिविर में मुख्य रूप से आपातकाल परिस्थिति में कम संसाधन में किस तरीके से अपना भूख मिटा सकें। इस बात को विशेष ध्यान में रखते हुए कैंप के सहयोगी अनुराग आनंद के द्वारा बिना बर्तन के भोजन बनाने का तौर-तरीका सिखाया गया। जिसमें सभी गाइड छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सभी लोग अपने टोली के साथ बहुत ही कम समय और कम संसाधन में बेहतरीन भोजन बनाने का प्रयास किया। भोजन तैयार होने के साथ स्टॉल लगाकर भोजन को टेबल पर रखकर सजाया गया। तत्पश्चात विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने बारी-बारी से टोली में जाकर भोजन का स्वाद चखा और सभी प्रतिभागियों का कला देखकर सराहना की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार सिंह पाक प्रतियोगिता के निरीक्षण के दौरान बच्चों द्वारा किए गए प्रयास की सराहना की। कहा कि कम समय में बच्चों ने बहुत कुछ सीखा है। उसका प्रयोग बिना बर्तन के भोजन बनाना में दिख रहा है। खुले में बिना बर्तन के भोजन बनाना एक अच्छी पहल है। उन्होंने छात्र छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की। मौके पर उपस्थित शिक्षक एवं शिक्षिका प्रेमरंजन कुमार, राजेश कुमार, अजय महतो, फोजया सुल्ताना, अनिल कुमार, विक्रांत कुमार, रवि प्र० रवि, मो० गोहेर, राजीव रंजन, कृष्ण मुरारी, विवेक, चुनमुन, ललन आदि लोगों का भरपूर सहयोग रहा।