सम्राट सरकार का बड़ा फैसला, शिक्षकों की भर्ती और ट्रांसफर प्रक्रिया होगी आसान
- Post By Admin on May 23 2026
पटना : बिहार सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए अगले पांच वर्षों में एक लाख नए शिक्षकों की नियुक्ति करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान यह घोषणा की। साथ ही शिक्षकों के तबादले को सरल बनाने और सरकारी स्कूलों में पोशाक वितरण की नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि राज्य के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से शिक्षा विभाग के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। सरकार के फैसले के अनुसार अगले पांच वर्षों में हर साल लगभग 20 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक वर्ष जुलाई महीने में शिक्षक बहाली का विज्ञापन जारी किया जाएगा, ताकि भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके। सरकार का मानना है कि इससे सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी और शिक्षा व्यवस्था में सुधार आएगा।
बैठक में शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर भी अहम निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि महिला शिक्षकों का तबादला उनके गृह जिले या संभव हो तो पंचायत के आसपास किया जाए। वहीं पुरुष शिक्षकों को भी उनके गृह प्रखंड के निकट पदस्थापित करने की नीति तैयार करने को कहा गया है। सरकार का कहना है कि इससे शिक्षकों को कार्य करने में सहूलियत मिलेगी और वे पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकेंगे। इसके अलावा स्कूलों में छात्र-छात्राओं को मिलने वाली पोशाक की व्यवस्था में भी बदलाव किया जाएगा। अब सरकारी स्कूलों में ड्रेस की आपूर्ति जीविका समूहों के माध्यम से कराने की योजना बनाई गई है। सरकार का मानना है कि इससे बच्चों को समय पर पोशाक उपलब्ध होगी और जीविका दीदियों को रोजगार एवं आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।