10 दिनों में तीसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, जनता की बढ़ी चिंता

  • Post By Admin on May 23 2026
10 दिनों में तीसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, जनता की बढ़ी चिंता

नई दिल्ली : कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल और अमेरिका-ईरान तनाव के बीच देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार को पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा कर दिया। मई महीने में यह तीसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं।

नई दरों के लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 99.51 रुपए प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 92.49 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। लगातार बढ़ती कीमतों का असर आम लोगों के बजट और परिवहन खर्च पर पड़ने लगा है। बताया जा रहा है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान युद्ध जैसी स्थिति के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। इसके अलावा ईरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट बंद किए जाने की आशंका से वैश्विक सप्लाई प्रभावित होने का खतरा भी बढ़ गया है। इसी वजह से तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है और नुकसान की भरपाई के लिए लगातार कीमतों में इजाफा किया जा रहा है।

इस महीने 15 मई को पहली बार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपए प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद 19 मई को दूसरी बार पेट्रोल करीब 87 पैसे और डीजल 91 पैसे महंगा हुआ था। अब 23 मई को तीसरी बार फिर दोनों ईंधनों की कीमतों में समान वृद्धि की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी नहीं आती है, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल के दामों में और बढ़ोतरी हो सकती है।