गांधी जयंती पर डीएवी में रन फॉर डीएवी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन

  • Post By Admin on Oct 03 2024
गांधी जयंती पर डीएवी में रन फॉर डीएवी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन

लखीसराय : गांधी जयंती के अवसर पर बुधवार को डीएवी शिक्षण संस्थान, लखीसराय में "रन फॉर डीएवी" कार्यक्रम के तहत दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता विद्यापीठ चैक से डीएवी विद्यालय तक 2 किलोमीटर की दूरी पर संपन्न हुई, जिसमें 30 चयनित छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य शारीरिक फिटनेस, सामाजिक जिम्मेदारी, और राष्ट्रीय मूल्यों को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. निरंजन कुमार के संयोजन में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए सत्य, अहिंसा, शांति, एकता, और सेवा के संदेश को समाज तक पहुंचाया।

दौड़ की शुरुआत वरिष्ठ शिक्षक एनआर नायक ने हरी झंडी दिखाकर की। बालिका वर्ग में 11वीं की छात्रा आकांक्षा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि दसवीं की छात्रा गीतांजली ने द्वितीय और सुहानी सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालक वर्ग में दसवीं के साहिल राज ने प्रथम, विशाल कुमार ने द्वितीय और रणवीर राज एवं सौम्य रौनित ने तृतीय स्थान हासिल किया।

विजेता छात्रों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसएन तिवारी, अमरजीत सिंह, केपीसी सिन्हा, दिलीप कुमार राय, संतोष रावत, डॉ. समीर कुमार पाठक, वरुण कुमार सिंह, विकास दुबे, कंचन श्रीवास्तव और सोनी कुमारी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।