इंतजार खत्म : सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट जारी, ऐसे करें चेक

  • Post By Admin on Apr 15 2026
इंतजार खत्म : सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट जारी, ऐसे करें चेक

नई दिल्ली : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल छात्र अब अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in सहित अन्य निर्धारित पोर्टलों पर देख सकते हैं।

बोर्ड के अनुसार, छात्र results.cbse.nic.in, cbse.nic.in, cbseresults.nic.in, digilocker.gov.in और results.gov.in के माध्यम से भी अपना परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। छात्र अपने लॉगिन विवरण का उपयोग कर डिजिटल अंकपत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

डिजिटल अंकपत्र में छात्र का नाम, अनुक्रमांक, जन्मतिथि, विद्यालय का नाम, अभिभावकों का नाम, विषयवार अंक, कुल अंक, ग्रेड तथा उत्तीर्ण स्थिति जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध रहेंगी। बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अपनी अंकतालिका को ध्यानपूर्वक जांच लें।

इस तरह देखें रिजल्ट:

  • आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
  • 10वीं रिजल्ट 2026 लिंक पर क्लिक करें
  • अनुक्रमांक, विद्यालय संख्या, प्रवेश पत्र पहचान संख्या और जन्मतिथि दर्ज करें
  • सबमिट करते ही परिणाम स्क्रीन पर दिखाई देगा
  • अंकपत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंट सुरक्षित रखें

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परिणाम जारी होने के बाद छात्रों को 11वीं कक्षा में नामांकन को लेकर जल्दबाजी करने की आवश्यकता नहीं है। विद्यालयों में नामांकन प्रक्रिया निर्धारित समय के अनुसार ही पूरी की जाएगी, इसलिए छात्र पहले अपने परिणाम का विश्लेषण करें और आगे की पढ़ाई की योजना सोच-समझकर बनाएं।