लखीसराय में नीलाम पत्र वादों की समीक्षा बैठक, मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर

  • Post By Admin on Apr 13 2026
लखीसराय में नीलाम पत्र वादों की समीक्षा बैठक, मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर

लखीसराय : जिला पदाधिकारी श्री नीरज कुमार की अध्यक्षता में 13 अप्रैल 2026 को नीलाम पत्र वादों से संबंधित पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और कार्यप्रणाली में सुधार को लेकर कई दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी प्रकोष्ठ में आयोजित इस बैठक में सर्वप्रथम सभी उपस्थित नीलाम पत्र पदाधिकारियों का स्वागत किया गया, जिसके बाद बैठक की कार्यवाही शुरू हुई। बैठक के दौरान माह मार्च 2026 की मासिक प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षा की गई और संबंधित वादों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सप्ताह में कम से कम दो दिनों तक नियमित रूप से वादों की सुनवाई सुनिश्चित करें।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी नीलाम पत्र पदाधिकारी अपने न्यायालयों में लंबित पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं और नियमित सुनवाई कर शीघ्र निष्पादन करें। प्रत्येक माह के प्रथम सोमवार को बैंक पदाधिकारियों या उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति में रजिस्टर IX एवं X का मिलान सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसी भी माह में निष्पादित वादों की संख्या शून्य न रहे। ऐसा होने पर इसे कार्य के प्रति गंभीरता की कमी माना जाएगा। आगामी समीक्षा बैठक में पंजाब नेशनल बैंक के जिला प्रबंधक को भी उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।

बैठक के दौरान पुलिस प्रशासन को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस उपाधीक्षक एवं थाना अध्यक्षों को नीलाम पत्र पदाधिकारियों द्वारा निर्गत नोटिसों के त्वरित क्रियान्वयन का निर्देश दिया गया, ताकि वादों के निष्पादन में तेजी लाई जा सके।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), जिला परिवहन पदाधिकारी, स्थापना उपसमाहर्ता, जिला जन-संपर्क पदाधिकारी, नगर उपसमाहर्ता, जिला योजना पदाधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।