कालाबाजारी पर वार, गैस एजेंसियों पर प्रशासन की पैनी नजर

  • Post By Admin on Apr 13 2026
कालाबाजारी पर वार, गैस एजेंसियों पर प्रशासन की पैनी नजर

लखीसराय : मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच लखीसराय जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। संभावित भीड़ और आपूर्ति दबाव को देखते हुए प्रशासन ने गैस एजेंसियों और विक्रेताओं पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी है तथा कालाबाजारी रोकने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं संबंधित थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया है। यह दल लगातार भ्रमणशील रहकर कालाबाजारी पर अंकुश लगाएगा। साथ ही सभी आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे नियमित निरीक्षण करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करें और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

प्रशासन ने सभी एलपीजी वितरकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी कीमत पर गैस सिलेंडर की जमाखोरी या कालाबाजारी नहीं की जाएगी। ऐसा पाए जाने पर विधि अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। आम जनता की शिकायतों के निवारण के लिए समाहरणालय में एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जहां दूरभाष संख्या 06346-232952 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर प्रशासन ने जानकारी दी है कि लखीसराय में कुल 16 गैस एजेंसियां संचालित हैं और वर्तमान में 2991 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। इसके अलावा नगर परिषद क्षेत्रों में पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति भी इंडियन ऑयल के माध्यम से की जा रही है। जिन उपभोक्ताओं को अभी तक पीएनजी कनेक्शन नहीं मिला है, वे संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। हाल ही में समीक्षा के दौरान पाया गया कि करीब 2700 उपभोक्ता पीएनजी कनेक्शन के लिए तैयार हैं और एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि प्रतिदिन 20 से 25 उपभोक्ताओं को कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए।

प्रशासन ने यह भी जानकारी दी है कि जिन घरों में पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध है, वहां एलपीजी सिलेंडर निर्गत नहीं किया जाएगा। इसकी निगरानी संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी करेंगे। साथ ही प्रवासी मजदूरों के आगमन को देखते हुए सरकार के निर्देशानुसार जरूरतमंदों के बीच 5 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति की व्यवस्था की जा रही है।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए घबराने या अनावश्यक रूप से भीड़ लगाने की जरूरत नहीं है। उपभोक्ताओं को आवश्यकता के अनुसार ही गैस प्राप्त करने की सलाह दी गई है। साथ ही केंद्र सरकार के निर्देशानुसार अब घरेलू उपभोक्ता पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक कर सकेंगे, जबकि बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।