लखीसराय : रामगढ़ चौक परियोजना के अंतर्गत बाल विकास परियोजना पदाधिकारी की अध्यक्षता में पोषण पखवाड़ा 2026 के सफल आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम के उद्देश्यों और क्रियान्वयन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि पोषण पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य बच्चों के जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क के समुचित एवं सर्वोत्तम विकास को सुनिश्चित करना है। इसके लिए पोषण एवं प्रारंभिक बाल देखभाल के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार पखवाड़ा के दौरान गतिविधि कैलेंडर और अवधारणा पत्र के आधार पर कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि प्रतिदिन कम से कम पांच गतिविधियों का आयोजन प्रत्येक केंद्र पर किया जाए। साथ ही स्थानीय आवश्यकताओं और क्षेत्रीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त गतिविधियों के आयोजन पर भी बल दिया गया।
महिला पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया गया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रतिदिन पांच-पांच गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करते हुए इसकी जानकारी पोषण अभियान डैशबोर्ड पर दर्ज करें। बैठक में जिला समन्वयक कन्हैया कुमार, प्रखंड समन्वयक विशाल भारती, डाटा प्रविष्टि संचालक विजय कुमार सहित महिला पर्यवेक्षक और आंगनबाड़ी सेविकाएं उपस्थित रहीं।




















