ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का प्रशासनिक व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने किया निरीक्षण

  • Post By Admin on Jan 04 2025
ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का प्रशासनिक व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने किया निरीक्षण

लखीसराय : जिला समाहरणालय स्थित ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस का शनिवार को जिला प्रशासन और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस मौके पर जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, लोजपा (आर) के गौतम कुमार केवट, माकपा के मोती साह, वार्ड पार्षद सुनील कुमार, राजद नेता सुनील कुमार यादव और भाजपा के सनोज कुमार समेत कई राजनीतिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।  

निरीक्षण के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी रामबाबू प्रसाद ने ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि सभी मशीनें सील की गई हैं और उनकी सुरक्षा के लिए 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था है। इसके अलावा, सुरक्षा के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन किया जा रहा है।  

निरीक्षण के बाद डीएम और एसपी ने वेयरहाउस की सुरक्षा प्रबंधन और मशीनों की स्थिति की समीक्षा की। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संतोष व्यक्त किया। उन्होंने वेयरहाउस में सभी व्यवस्थाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी पाया। निरीक्षण के उपरांत सभी प्रतिनिधियों ने अपने हस्ताक्षर रजिस्टर में दर्ज किए।  

इस अवसर पर डीएम ने कहा, "निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।" राजनीतिक दलों ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और सुरक्षित रहेगी।