माउंट लिटरा ज़ी स्कूल लखीसराय का क्षेत्रीय निदेशक चंद्रमा प्रधान ने किया पहला औपचारिक दौरा
- Post By Admin on Feb 21 2026
लखीसराय : माउंट लिटरा ज़ी स्कूल, लखीसराय में पूर्वी क्षेत्र की क्षेत्रीय निदेशक चंद्रमा प्रधान का पहला औपचारिक दौरा उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। उनके आगमन से विद्यालय परिवार में ऊर्जा और सकारात्मकता का वातावरण देखने को मिला।
विद्यालय परिसर में क्षेत्रीय निदेशक का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। स्काउट टीम ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया। सचिव विजेता स्नेही ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया, जबकि चेयरमैन संजीव कुमार स्नेही ने स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मान व्यक्त किया। दौरे के दौरान चंद्रमा प्रधान ने विद्यालय की शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया, उनकी पढ़ाई और शिक्षण व्यवस्था से जुड़ा फीडबैक लिया तथा शिक्षण पद्धति की गुणवत्ता की सराहना की।
अपने संबोधन में उन्होंने माउंट लिटरा की शिक्षण पद्धति की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विद्यालय का पाठ्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र विकास और व्यावहारिक जीवन कौशल को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कक्षा 9 से बोर्ड परीक्षा की तैयारी को सुदृढ़ करने की रणनीतियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी, जिससे विद्यार्थियों को नई दिशा और प्रेरणा मिली। क्षेत्रीय निदेशक ने शिक्षकों के साथ एक विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया। इसमें आधुनिक शिक्षण तकनीकों, प्रभावी कक्षा प्रबंधन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर चर्चा की गई। उन्होंने शिक्षकों को नवाचार आधारित शिक्षण अपनाने के लिए प्रेरित किया। दौरे के अंत में चंद्रमा प्रधान ने विद्यालय की कार्यप्रणाली, अनुशासन और टीमवर्क की प्रशंसा की। कार्यक्रम के समापन पर चेयरमैन संजीव कुमार स्नेही ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, यह दौरा संस्थान के लिए प्रेरणादायक और मार्गदर्शक सिद्ध हुआ। विद्यालय परिवार ने क्षेत्रीय निदेशक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सहयोग और मार्गदर्शन की अपेक्षा जताई।