पंचायत स्तर तक जन संवाद अभियान तेज, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे का निर्देश

  • Post By Admin on Apr 18 2026
पंचायत स्तर तक जन संवाद अभियान तेज, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे का निर्देश

लखीसराय : जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय के अनुसार मुख्यमंत्री कार्यालय, पटना द्वारा शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जन संवाद कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करना तथा आम जनता से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।

बैठक के दौरान निर्देश दिया गया कि जन संवाद कार्यक्रमों का आयोजन पंचायत स्तर तक सुनिश्चित किया जाए। इसके तहत सभी पदाधिकारियों को प्रतिदिन निर्धारित समय, विशेष रूप से दोपहर 1:00 बजे तक अपने कार्यालय आम जनता के लिए खुले रखने होंगे, ताकि लोग सीधे अपनी समस्याएं प्रस्तुत कर सकें। साथ ही, सभी लंबित जन शिकायतों, भूमि विवादों एवं अन्य सार्वजनिक मामलों का निपटारा हर हाल में जुलाई 2026 तक करने का लक्ष्य तय किया गया।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने सभी अंचलों का प्रभार संबंधित अधिकारियों को तत्काल सौंपने का निर्देश भी दिया। प्रखंड स्तर पर प्रभारी पदाधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आगामी तीन महीनों में प्रत्येक पंचायत में “सहयोग शिविर” आयोजित किए जाएंगे, जहां आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। इन शिविरों की निगरानी जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अपर समाहर्ता द्वारा की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, प्रत्येक पंचायत का टैगिंग कार्य शीघ्र पूर्ण करने, पंचायत सरकार भवन से जुड़े कार्यों का 15 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने तथा डायल 112 सेवा की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। न्यायालय से संबंधित मामलों को निर्धारित तिथि पर पूरा करने पर भी विशेष बल दिया गया।

बैठक में सरकारी भूमि पर सतत निगरानी रखने, निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निरीक्षण करने तथा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

इस बैठक में राज्य के सभी जिलों के जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए। लखीसराय जिले से जिला पदाधिकारी श्री नीरज कुमार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।