सरकार बदली, लेकिन कानून नहीं—शराबबंदी पर पुलिस की सख्ती जारी
- Post By Admin on Apr 18 2026
लखीसराय : प्रदेश में नई सरकार के गठन के बाद शराबबंदी कानून में ढील या समाप्ति को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर लखीसराय पुलिस की ताजा कार्रवाई ने पूर्ण विराम लगा दिया है। जिले में हुई सख्त कार्रवाई ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि शासन में बदलाव के बावजूद शराबबंदी कानून को पहले की तरह ही कड़ाई से लागू किया जाएगा।
मद्यनिषेध थाना लखीसराय द्वारा 17 अप्रैल 2026 को किऊल और सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए किऊल स्टेशन के समीप सिंगारपुर निवासी कार्तिक कुमार और तुर्काहा सिंगारपुर के गोविन्द कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से लगभग 15 लीटर विदेशी शराब एवं 15 लीटर बियर बरामद की है।
इसके साथ ही पुलिस ने शराब सेवन करने वालों पर भी शिकंजा कसते हुए अलीनगर और सूर्यगढ़ा क्षेत्र से मन्टुम कुमार, ओम प्रकाश शर्मा, साजन कुमार, गौरव कुमार और विवेक कुमार को नशे की हालत में गिरफ्तार किया।
पुलिस की इस कार्रवाई ने उन लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है, जो सरकार बदलने के बाद शराबबंदी कानून में ढील की उम्मीद लगाए बैठे थे। प्रशासन की सक्रियता से साफ संकेत मिला है कि शराब माफियाओं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून का पालन सुनिश्चित कराने के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लगातार अभियान चलाए जाएंगे।