मालीघाट में युवाओं का संकल्प: खेल, स्किल और मेरा युवा भारत से नई दिशा

  • Post By Admin on Apr 18 2026
मालीघाट में युवाओं का संकल्प: खेल, स्किल और मेरा युवा भारत से नई दिशा

मुजफ्फरपुर: जिले के मालीघाट स्थित सरला श्रीवास युवा मंडल कार्यालय में शनिवार को आयोजित बैठक में युवाओं को खेल और राष्ट्रीय योजनाओं से जोड़ने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता मंडल की अध्यक्ष सुमन कुमारी ने की, जिसमें खेलो इंडिया और “मेरा युवा भारत” जैसी पहल से जुड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

अध्यक्ष सुमन कुमारी ने कहा कि भारत को 2036 ओलंपिक तक वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसके लिए खेल को शिक्षा से जोड़ना, जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान करना और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि खेलो भारत नीति-2025 इसी दिशा में काम कर रही है, जिसमें महिलाओं और दिव्यांगों की भागीदारी को भी प्राथमिकता दी गई है। मंडल के संरक्षक एवं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने कहा कि खेल को जन आंदोलन के रूप में विकसित करने की जरूरत है, ताकि समुदाय स्तर पर लोगों को शारीरिक गतिविधियों से जोड़ा जा सके। उन्होंने बताया कि यह नीति राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप है, जो छात्रों के समग्र विकास और जीवन कौशल को बढ़ावा देती है।

सामाजिक कार्यकर्ता सोनू सरकार ने कहा कि युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिभा पहचान और विकास की मजबूत प्रणाली बनानी होगी। इसके साथ ही खेल प्रतिभा खोज कार्यक्रमों का विस्तार कर भावी चैंपियन तैयार किए जा सकते हैं। इस मौके पर “मेरा युवा भारत” कार्यक्रम की उप निदेशक रश्मि सिंह ने बताया कि यह एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो 15 से 29 वर्ष के युवाओं को कौशल विकास, स्वयंसेवा और मेंटरशिप के अवसर प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं से mybharat.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण कर विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की। बैठक में मंडल के सचिव गोलू कुमार, सदस्य स्वेता यादव, चंदन कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान उप निदेशक रश्मि सिंह के हाथों खेल किट प्राप्त होने पर मंडल की अध्यक्ष ने आभार व्यक्त किया।

इस पहल के जरिए सरला श्रीवास युवा मंडल के सदस्य अब खेल और कौशल विकास की मुख्यधारा से जुड़कर न केवल अपने भविष्य को नई दिशा देंगे, बल्कि समाज में भी सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में योगदान करेंगे।