देश की छवि पर बयान को लेकर विरोध, शहीद द्वार पर भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रतिवाद
- Post By Admin on Feb 21 2026
लखीसराय : ‘वर्ल्ड एआई समिट’ प्रकरण को लेकर शुक्रवार को शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के आह्वान पर आयोजित कार्यक्रम के तहत शहीद द्वार पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर प्रतिवाद दर्ज कराया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बना रहा है। ऐसे समय में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि को प्रभावित करने वाले बयान दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की अपील की। ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष विकास आनंद ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश की प्रतिष्ठा सर्वोपरि है और विदेशों में भारत के विरुद्ध की गई टिप्पणियां निंदनीय हैं।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम संपन्न किया। इस अवसर पर जिला मंत्री हिमांशु पटेल, राजा मोदी, दिनेश चंद्रवंशी, ओबीसी मोर्चा के महामंत्री प्रेम किशन, संजय मौर्य, प्रवेश शाह, रोहित नोनिया, प्रदीप ठाकुर, पप्पू साव और संजय पोद्दार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।