लखीसराय में बिजली विभाग पर अवैध वसूली के आरोप, भाजपा जिलाध्यक्ष ने मांगी जांच
- Post By Admin on Feb 21 2026
लखीसराय : बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक कुमार ने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता निशांत कुमार पर ग्रामीण क्षेत्रों में कथित अवैध वसूली और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उन्होंने जिला पदाधिकारी, लखीसराय को पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जारी बयान के अनुसार, चानन और लखीसराय के ग्रामीण इलाकों में छापेमारी के नाम पर टीम बनाकर कार्रवाई की जा रही है। आरोप है कि इस दौरान ग्रामीणों को भयभीत कर अनावश्यक आर्थिक दंड वसूला जा रहा है। कुछ स्थानों पर महिलाओं के साथ अमर्यादित व्यवहार की शिकायतें भी सामने आने का दावा किया गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारी को पद से हटाने, अब तक की गई छापेमारी और वसूली की समीक्षा करने तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
फिलहाल, बिजली विभाग की ओर से आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासनिक स्तर पर पत्र मिलने के बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाना है।