बाबा साहेब अंबेडकर जयंती पर समाहरणालय में कार्यक्रम, अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि

  • Post By Admin on Apr 14 2026
बाबा साहेब अंबेडकर जयंती पर समाहरणालय में कार्यक्रम, अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि

लखीसराय : जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय के अनुसार समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी नीरज कुमार सहित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. अंबेडकर के आदर्शों को आत्मसात करने, उनके विचारों को अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब का समानता, न्याय और अधिकारों की स्थापना में योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा और उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देते हैं।

इसी अवसर पर मंत्रणा कक्ष में अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत विशेष कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अग्नि सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आग से बचाव एवं आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने विभिन्न पहलुओं पर चर्चा कर लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (लोक शिकायत) शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, प्रखंड विकास पदाधिकारी पिपरिया, आरओ पिपरिया, अग्निशमन विभाग के कर्मी, आईटी प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।