बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती पर सीपीआई(एम) कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित
- Post By Admin on Apr 14 2026
लखीसराय : लखीसराय जेल के पीछे दामोदरपुर रोड स्थित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के जिला कार्यालय में जिला कमिटी के तत्वावधान में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम के दौरान बाबा साहेब के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया तथा “जय भीम” के नारों से वातावरण गूंज उठा। वक्ताओं ने बाबा साहेब को आधुनिक भारत के निर्माता, शोषितों, वंचितों और महिलाओं के अधिकारों के महान संरक्षक के रूप में याद किया।
इस अवसर पर उनके विचारों को साझा करते हुए बताया गया कि उन्होंने 15 अगस्त 1936 को इंडिपेंडेंट लेबर पार्टी की स्थापना की थी, जिसका उद्देश्य आर्थिक और सामाजिक असमानता के खिलाफ संघर्ष करना था। उनके विचार आज भी समाज में समानता और न्याय स्थापित करने के लिए प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब का संघर्षमय जीवन हम सभी को संविधान के मार्ग पर चलने और समाज में बराबरी स्थापित करने की प्रेरणा देता है। इस मौके पर पार्टी के जिला सचिव शंकर राम सहित मोती साव, दीपक वर्मा, सुनील कुमार, मनोज मेहता, योगी यादव, रामपाल मांझी, रणजीत कुमार अजित, मनोज पासवान, पप्पू शर्मा समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।