भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में बाबा साहेब को श्रद्धांजलि, गूंजे समानता के संदेश
- Post By Admin on Apr 14 2026
मुजफ्फरपुर : जिला स्थित भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के वंदना सभागार में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वाधान में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया। यह आयोजन डीएलएड प्रथम वर्ष के प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार कर सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
इस दौरान डीएलएड एवं बीएड प्रथम वर्ष के प्रशिक्षुओं ने बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और विचारों पर अपने-अपने विचार व्यक्त किए। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार पाल ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के जीवन दर्शन और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी राम जी यादव सहित सभी प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। प्राध्यापकों ने भी प्रशिक्षुओं के समक्ष अपने विचार साझा करते हुए समाज में समानता, न्याय और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक सरोज कुमार के नेतृत्व में हुआ, जबकि मंच संचालन डीएलएड प्रथम वर्ष की प्रशिक्षु प्रतिभा कुमारी ने किया। आर्या एवं आराध्या ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का परिचय प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर डॉ. मिन्नी कुमारी, डॉ. अनामिका रानी, डॉ. सौरभ कुमार, शैलेंद्र मिश्रा, राम जी यादव, हितेंद्र कुमार, प्रबाल बेरा एवं प्रतिमा कुमारी सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकगण की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में बीएड प्रथम वर्ष के प्रशिक्षु ओमकार भारती द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया तथा वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।