संत प्रेम भिक्षु इंटर कॉलेज के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. अवधेश कुमार सिंह का निधन, शिक्षा जगत में शोक

  • Post By Admin on Aug 06 2026
संत प्रेम भिक्षु इंटर कॉलेज के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. अवधेश कुमार सिंह का निधन, शिक्षा जगत में शोक

मुजफ्फरपुर : संत प्रेम भिक्षु इंटर कॉलेज के मैथिली विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ शिक्षक प्रोफेसर अवधेश कुमार सिंह का बुधवार सुबह हरिद्वार में हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया। वे लगभग 10 बजे अस्वस्थ हुए और उपचार से पहले ही उनका निधन हो गया। इसकी सूचना उनके परिजनों ने कॉलेज प्रशासन और परिचितों को दी।

प्रो. सिंह के निधन की खबर मिलते ही संत प्रेम भिक्षु इंटर कॉलेज परिसर तथा पूरे शिक्षा जगत में शोक की लहर फैल गई। कॉलेज परिवार ने उन्हें एक समर्पित, अनुशासित और विद्यार्थियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय शिक्षक बताया। शिक्षकों ने उनके निधन को शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

समाजशास्त्र विभाग के प्रोफेसर सोनू सरकार ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रो. अवधेश कुमार सिंह केवल एक कुशल शिक्षक ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशील, सरल और सहज व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने कहा कि अपने विषय पर उनकी गहरी पकड़ और पढ़ाने की विशिष्ट शैली के कारण वे छात्रों के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय थे। सहकर्मियों के साथ उनका व्यवहार हमेशा आत्मीय और सहयोगपूर्ण रहा।उन्होंने कहा कि उनके निधन से कॉलेज ने एक अनुभवी शिक्षक, प्रेरणादायी सहकर्मी और संवेदनशील इंसान को खो दिया है। उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विनोद कुमार सिंह सहित प्रो. गौरी शंकर सिंह, प्रो. रामकिशोर सिंह, प्रो. हरेंद्र सिंह, प्रो. सुषमा सिंह, प्रो. सुनैना, प्रो. सब्बीर आलम नुमानी, प्रो. उर्मिला पाठक, प्रो. मंजू सिन्हा, प्रो. सुधीर प्रसाद सिंह, प्रो. राजेश सिंह, प्रो. ओमप्रकाश झा, विवेक रंजन, विनोद सिंह, रोमा भारती, वर्षा गुप्ता, विकास राठौर तथा अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।

शिक्षकों ने कहा कि प्रो. अवधेश कुमार सिंह का सरल स्वभाव, शिक्षण के प्रति समर्पण और विद्यार्थियों के प्रति आत्मीय व्यवहार सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कॉलेज और समाज में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे आने वाली पीढ़ियाँ भी याद रखेंगी। प्रो. अवधेश कुमार सिंह अपने पीछे दो पुत्र, एक पुत्री तथा भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। संत प्रेम भिक्षु इंटर कॉलेज परिवार ने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।