​शिक्षा की ओर बढ़ते कदम : महिला सशक्तिकरण केंद्र ने सोनम की पढ़ाई को दी नई राह

  • Post By Admin on Aug 06 2026
​शिक्षा की ओर बढ़ते कदम : महिला सशक्तिकरण केंद्र ने सोनम की पढ़ाई को दी नई राह

लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र (DHEW), लखीसराय की तत्परता और सार्थक पहल से एक जरूरतमंद छात्रा का नामांकन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखीसराय सदर प्रखंड क्षेत्र के बेलोरी गांव (वार्ड संख्या 05) निवासी गायत्री देवी, पति - धर्मेंद्र चौधरी ने अपनी नौ संतानों में से चौथे क्रम की पुत्री सोनम कुमारी की आगे की शिक्षा को लेकर महिला सशक्तिकरण केंद्र से संपर्क किया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए 'हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन' (DHEW) के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने छात्रा के नामांकन के लिए आवश्यक कागजात तैयार करवाए और स्वयं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पहाड़पुर, बड़हिया पहुंचकर सोनम कुमारी का वर्ग षष्ठ (छठी कक्षा) में दाखिला सुनिश्चित कराया।

नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने पर छात्रा सोनम और उसके माता-पिता ने गहरी खुशी व्यक्त की तथा महिला सशक्तिकरण केंद्र के अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति आभार जताया।नामांकन के दौरान विद्यालय की वार्डन सह शिक्षिका सुधा कुमारी ने छात्रा और उसकी माता को कस्तूरबा विद्यालय परिसर का भ्रमण कराया। उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं, शैक्षणिक दिनचर्या और अनुशासन से संबंधित नियमों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

इसके साथ ही, जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने परिवार को महिला सशक्तिकरण केंद्र द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में बताया और आपातकालीन सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 181 की उपयोगिता की जानकारी दी। इस पूरे अभियान को सफल बनाने में लैंगिक विशेषज्ञ (Gender Specialist) किस्मत कुमारी और नवीन कुमार का विशेष योगदान रहा।