समृद्धि यात्रा को सफल बनाने की तैयारी, डीएम ने अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

  • Post By Admin on Mar 13 2026
समृद्धि यात्रा को सफल बनाने की तैयारी, डीएम ने अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

लखीसराय : माननीय मुख्यमंत्री की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के मद्देनज़र शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के दौरान प्रदर्शित की जाने वाली विकास योजनाओं की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति अद्यतन रखते हुए लाभुकों को समयबद्ध तरीके से लाभ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि योजनाओं की प्रगति स्पष्ट रूप से दिखाई दे।

समीक्षा बैठक में विशेष रूप से सात निश्चय-2 के अंतर्गत सशक्त महिला सक्षम महिला योजना, मुख्यमंत्री बालिका प्रोत्साहन योजना, हर खेत तक सिंचाई का पानी, नलकूप योजना, मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंधी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, सुलभ संपर्कता योजना तथा पशु चिकित्सा सेवाओं की डोर-स्टेप डिलीवरी योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा स्वच्छ गांव-समृद्ध गांव अभियान तथा हर घर नल का जल योजना के अनुरक्षण से जुड़े कार्यों की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी और प्रभावी ढंग से किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा राज्य सरकार की विकासात्मक पहलों को आम लोगों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय पर पूरी करें।

बैठक में सात निश्चय-3 से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित करें।

बैठक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण नीरज कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, नगर परिषद लखीसराय, बड़हिया और सूर्यगढ़ा के कार्यपालक पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।