लखीसराय : बिहार सरकार द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किए गए मूल्यांकन में लखीसराय जिला राज्य के टॉप-5 सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल हुआ है। वर्ष 2025 के लिए जारी ट्रैफिक प्रदर्शन रिपोर्ट में पूर्णिया, सारण, कटिहार और शेखपुरा के साथ लखीसराय ने भी इस सूची में स्थान प्राप्त किया है।
बिहार सरकार ने वर्ष 2030 तक सड़क दुर्घटनाओं की संख्या को आधा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी दिशा में राज्य के सभी 40 पुलिस जिलों में यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए विशेष मानक लागू किए गए हैं। राज्य में हर वर्ष औसतन 11 हजार से अधिक सड़क दुर्घटनाएं और लगभग 9 से 9.5 हजार मौतों के चिंताजनक आंकड़ों को देखते हुए इन मानकों के आधार पर जिलों का मूल्यांकन किया गया।
यह मूल्यांकन सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर में कमी, प्रभावी प्रवर्तन, यातायात बल की उपलब्धता, प्रशिक्षण, चोक प्वाइंट समाधान, वैज्ञानिक अनुसंधान, डेटा अपलोडिंग और जन-जागरूकता सहित 10 प्रमुख मानकों के आधार पर किया गया। इन सभी मानकों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए लखीसराय ने उल्लेखनीय अंक प्राप्त किए।
जिले की इस उपलब्धि का श्रेय जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों को दिया जा रहा है। जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में जिला परिवहन पदाधिकारी और मोटरयान निरीक्षक लगातार सक्रिय रूप से यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने में जुटे हैं। इसके साथ ही जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
प्रशासनिक प्रयासों का सकारात्मक असर भी देखने को मिला है। अब जिले में बड़ी संख्या में लोग हेलमेट का उपयोग करने लगे हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है। जिला प्रशासन द्वारा सख्त प्रवर्तन और जागरूकता अभियानों के कारण लखीसराय सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में राज्य के अग्रणी जिलों में अपनी पहचान बना रहा है।




















