बिहार दिवस को उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी, जिले में होंगे विविध कार्यक्रम

  • Post By Admin on Mar 13 2026
बिहार दिवस को उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी, जिले में होंगे विविध कार्यक्रम

लखीसराय : बिहार दिवस 2026 को जिले में धूमधाम से मनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि बिहार दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी और साइकिल चेतना रैली से होगी, जिसमें विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके माध्यम से बिहार की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और विकास यात्रा के प्रति आम लोगों को जागरूक किया जाएगा।

समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां विभाग अपने कार्यों और सरकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता को देंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

इसके अलावा बिहार दिवस के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें स्थानीय कलाकारों, छात्र-छात्राओं और सांस्कृतिक दलों द्वारा बिहार की समृद्ध लोक परंपरा, कला और संस्कृति से जुड़े रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बिहार दिवस समारोह को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आम जनता, युवाओं और विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए ताकि बिहार दिवस जिले में एक उत्सव के रूप में मनाया जा सके।

बैठक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण नीरज कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, नगर परिषद लखीसराय, बड़हिया एवं सूर्यगढ़ा के कार्यपालक पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।