माकपा जिला कमेटी की बैठक संपन्न, 24 मार्च की दिल्ली रैली में भागीदारी का लिया निर्णय

  • Post By Admin on Mar 13 2026
माकपा जिला कमेटी की बैठक संपन्न, 24 मार्च की दिल्ली रैली में भागीदारी का लिया निर्णय

लखीसराय : भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की लखीसराय जिला कमेटी की बैठक शुक्रवार को जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला सचिव मंडल सदस्य कामरेड शिवदानी सिंह बच्चन ने की। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में बताया गया कि आगामी 17 मार्च को पार्टी के अखिल भारतीय जत्था का आगमन लखीसराय जिले के हलसी में होगा। इस अवसर पर जिले के सभी कामरेड बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे और जत्थे का स्वागत करेंगे। कार्यक्रम के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय नेता आम जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और समाधान को लेकर विचार-विमर्श करेंगे।

इसके साथ ही बैठक में निर्णय लिया गया कि 24 मार्च को देशभर में आयोजित होने वाली दिल्ली रैली में लखीसराय जिले से भी सैकड़ों लोग भाग लेंगे। रैली में महंगाई, भ्रष्टाचार, कालाबाजारी, मनरेगा में बदलाव, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी तथा भूमिहीनों को 5 डिसमिल जमीन देने जैसे ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

बैठक में जिला सचिव शंकर राम के अलावा मोती साव, दीपक वर्मा, रणजीत कुमार अजित, सुनील कुमार, रौशन कुमार, दिनकर कुमार, सुधीर यादव, रामनरेश सिंह और राजो महतो सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। नेताओं ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पार्टी निरंतर संघर्ष करती रहेगी और दिल्ली रैली के माध्यम से केंद्र सरकार का ध्यान इन मुद्दों की ओर आकर्षित किया जाएगा।