राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, लखीसराय में ट्रैफिक चालान मामलों के निपटारे पर जोर
- Post By Admin on May 02 2026
लखीसराय : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के अध्यक्ष सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम के मार्गदर्शन में शनिवार को प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय पवन कुमार झा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिवहन विभाग के अधिकारी एमवीआई प्रतीक कुमार झा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान विशेष रूप से ट्रैफिक चालान एवं ई-चालान से संबंधित मामलों को अधिक से अधिक संख्या में चिन्हित कर संबंधित पक्षकारों को शीघ्र सूचना देने पर जोर दिया गया।
बैठक में बिहार सरकार द्वारा अधिसूचित ‘यातायात चालान निपटान योजना 2026’ पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लोक अदालत में गठित बेंच में परिवहन विभाग के अधिकाधिक अधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही चालान राशि के भुगतान के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आवश्यक कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन सुचारु रूप से किया जा सके।