मकान सूचीकरण से शुरू हुई जनगणना, प्रशासन ने मांगा जनसहयोग
- Post By Admin on May 02 2026
लखीसराय : भारत सरकार की जनगणना-2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ का शुभारंभ शनिवार को लखीसराय जिले में विधिवत रूप से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके बाद जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने गुब्बारा छोड़कर अभियान का उद्घाटन किया।
इस मौके पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है और इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े सरकार को विभिन्न योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और गणनाकारों से अपील की कि वे इस कार्य को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करें, ताकि सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त हो सकें।
कार्यक्रम में जनगणना की प्रक्रिया, प्रशिक्षण और कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि प्रथम चरण में जिले के सभी घरों का सूचीकरण किया जाएगा, जिसमें भवनों की स्थिति, उपयोग एवं अन्य आवश्यक जानकारियां एकत्र की जाएंगी। इसके लिए प्रशिक्षित गणनाकारों को नियुक्त किया गया है, जो घर-घर जाकर आंकड़े जुटाएंगे।
जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे गणनाकारों को सही एवं पूर्ण जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें। इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी, आईसीडीएस जिला प्रोग्राम पदाधिकारी वंदना पांडेय, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राम विनोद प्रसाद यादव, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभू नाथ, उत्पाद अधीक्षक विभा कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।