लखीसराय में जनगणना कार्य का शुभारंभ, डीएम ने सुदूर आदिवासी टोले से की शुरुआत
- Post By Admin on May 02 2026
लखीसराय :जिले में जनगणना कार्य की औपचारिक शुरुआत शनिवार को जिला पदाधिकारी-सह-प्रधान जिला जनगणना अधिकारी शैलेंद्र कुमार द्वारा सूर्यगढ़ा प्रखंड के सुदूरवर्ती मदनपुर पंचायत स्थित बिशनपुर के टाली कोड़ासी अनुसूचित जनजाति टोला से की गई।
डीएम ने श्री संतोष टुडू के घर पर नंबर अंकित कर तथा उनसे जनगणना से संबंधित प्रश्न पूछकर अभियान का उद्घाटन किया। वहीं, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने सुखदेव हेंब्रम के भवन पर तथा अपर जिला जनगणना पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता नीरज कुमार ने अजय मरांडी के घर पर नंबर अंकित कर जनगणना कार्य की शुरुआत की।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने समीप स्थित उस ताली स्थल का भी निरीक्षण किया, जहां पर्वत की तलहटी से पानी निकलता है और ग्रामीण उसका उपयोग पेयजल एवं स्नान के लिए करते हैं। उन्होंने वहां साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों के बीच पोशाक और टॉफी का वितरण किया तथा बच्चों से स्नेहपूर्वक संवाद किया। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय बिशनपुर टाली कोड़ासी पहुंचकर बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी और उनकी शैक्षणिक स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने मदनपुर, श्रीकृष्णा और बरियारपुर के परगणकों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर सही और समयबद्ध तरीके से डेटा संग्रहण सुनिश्चित करें। इस मौके पर स्थानीय ग्रामीणों एवं महिलाओं ने भी अपनी समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
कार्यक्रम में जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, सूर्यगढ़ा प्रखंड प्रमुख खुशबू कुमारी, जनगणना के नोडल पदाधिकारी राधेश्याम, प्रखंड नोडल पदाधिकारी गौरव कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी मंजुल मनोहर मधुप, सीडीपीओ रीना कुमारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी मुकेश कुमार शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।